मऊ- शराब की दुकान पर ग्राहक से दाम में “खेल” किया तो अब मामला आसानी से रफा-दफा नहीं होगा। आबकारी विभाग ने साफ कह दिया है कि सरकारी रेट से एक पैसा भी ऊपर वसूला तो कार्रवाई की गाज गिरनी तय है। उप आबकारी आयुक्त, आजमगढ़ प्रभार की अध्यक्षता में जिले के सभी थोक और फुटकर आबकारी अनुज्ञापियों की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों ने दो टूक कहा कि दुकान चलानी है तो नियम-कायदा मानना ही पड़ेगा। देशी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए, ताकि ग्राहक को “आज है, कल नहीं” वाला जवाब न सुनना पड़े। हर ब्रांड का सही डिस्प्ले भी जरूरी होगा। कांवड़ मार्ग की दुकानों पर खास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। दुकानों को पर्दे आदि से ढकने और रास्ते में किसी तरह की अव्यवस्था न होने देने को कहा गया। दुकानों की क्रॉस चेकिंग भी होगी, यानी एक इलाके के निरीक्षक दूसरे इलाके की दुकानों का हाल जानेंगे। अधिकारियों ने यह भी फरमान सुनाया कि शराब तय समय पर ही बिकेगी। न समय से पहले बिक्री होगी, न बाद में। सीसीटीवी कैमरे हरदम चालू रहें और रियल टाइम निगरानी के साथ ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी रहे। मंडलीय प्रवर्तन टीम जल्द ही दुकानों की धर-पकड़ करेगी। गैर-प्रांत या अवैध शराब मिली तो “गलती हुई” कहकर बात नहीं बनेगी, सीधे कार्रवाई होगी।
दाम में खेल किया तो खैर नहीं, शराब दुकानों पर आबकारी विभाग की पैनी नजर, सीसीटीवी चालू रखना जरूरी




