लखनऊ, 01 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 (15 मई से 05 जून 2026) के अंतर्गत उत्तर रेलवे के लखनऊ मण्डल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न स्टेशनों पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत रेलवे यात्रियों, रेल कर्मचारियों, सफाई मित्रों तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विविध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 31 मई 2026 को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण के उपाय अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। वहीं बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर सफाई मित्रों और यात्रियों की सक्रिय सहभागिता से जल संरक्षण संबंधी जन-जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें जल की प्रत्येक बूंद के महत्व को रेखांकित करते हुए इसके संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त वाराणसी जंक्शन पर प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण को होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों को प्लास्टिक प्रदूषण से उत्पन्न खतरों की जानकारी देते हुए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।
आज दिनांक 01 जून 2026 को अकबरपुर एवं लखनऊ रेलवे स्टेशन पर भी जल संरक्षण विषयक विशेष जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को जल एवं विद्युत की बचत करने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग कम करने तथा स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा संचालित यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और सतत विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मण्डल प्रशासन ने सभी यात्रियों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सकारात्मक कदम उठाने तथा स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


