लखनऊ में यूपी T20 लीग सीजन-4 का भव्य आगाज, सीएम योगी ने किया उद्घाटन

WhatsApp Image 2026 08 14 at 11.52.49 PM
Spread the love

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में उत्तर प्रदेश T20 लीग के चौथे सीजन का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लीग का उद्घाटन किया। इस दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, यूपी T20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और एमएलसी महेंद्र सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यूपी T20 लीग प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध करा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ और फिट युवा ही देश के मजबूत भविष्य की नींव रख सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमें प्रदेश के पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक क्रिकेट को जोड़ने का काम कर रही हैं।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने यूपी T20 लीग के चौथे सीजन को स्थानीय खिलाड़ियों और क्रिकेट से जुड़े सपोर्ट स्टाफ के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि लीग के माध्यम से 250 से अधिक युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यूपी T20 लीग आने वाले समय में आईपीएल और भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कई नए सितारे तैयार करेगी।

उद्घाटन समारोह में क्रिकेट के साथ मनोरंजन और देशभक्ति का भी शानदार रंग देखने को मिला। पंजाबी गायिका जैस्मिन सैंडलस ने अपनी दमदार प्रस्तुति से दर्शकों में जोश भर दिया। इसके बाद मशहूर गायक और संगीतकार शंकर महादेवन ने अपने बेटों सिद्धार्थ और शिव महादेवन के साथ शानदार प्रस्तुति दी। शिव तांडव स्तोत्रम और देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने पूरे स्टेडियम को रोमांच और उत्साह से भर दिया।

 

समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण ड्रोन लाइट शो रहा। आसमान में यूपी T20 लीग का लोगो, सभी फ्रेंचाइजी टीमों के लोगो, चैंपियनशिप ट्रॉफी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और भारतीय तिरंगे की भव्य आकृति दिखाई गई। इसके बाद हुई शानदार आतिशबाजी ने उद्घाटन समारोह में चार चांद लगा दिए।

उद्घाटन समारोह के बाद डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास और पूर्व चैंपियन मेरठ मावेरिक्स के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला गया। 24 दिनों तक चलने वाली यूपी T20 लीग के चौथे सीजन में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। शुरुआती मुकाबले लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 26 अगस्त तक होंगे। इसके बाद टूर्नामेंट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंचेगा, जहां प्लेऑफ मुकाबलों के साथ 6 सितंबर को सीजन-4 का ग्रैंड फिनाले खेला जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *