मऊ -खुरहट। देशभक्ति के रंग में रंगा खुरहट बुधवार को कुछ अलग ही अंदाज में नजर आया। भटौली मोड़ से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता, बच्चे और क्षेत्र के गणमान्य लोग पूरे जोश के साथ कदमताल करते दिखाई दिए। यात्रा का नेतृत्व भाजपा के मंडल अध्यक्ष अर्पित कुमार उपाध्याय ने किया। भटौली मोड़ से शुरू हुई यात्रा खुरहट बाजार होते हुए रानीपुर मोड़ तक पहुंची और फिर वापस भटौली मोड़ पर आकर संपन्न हुई। रास्ते भर “भारत माता की जय” और “जय हिंद, जय भारत” के नारों से माहौल गूंजता रहा। गांव-देहात के बाजार से गुजरती तिरंगे की कतार लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। यात्रा में सुनील कुमार खण्ड शिक्षाधिकारी , पुकार प्रजापति अनूप राय, राजकुमार यादव, राजेंद्र यादव, सजीवन, प्रिंस सिंह, पंकज, गोपाल,ग्राम प्रधान, गणमान्य लोग भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। अर्पित उपाध्याय ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा पूरे सम्मान के साथ फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान, शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने में पुलिस चौकी खुरहट के पुलिसकर्मियों का भी सहयोग रहा। आयोजन के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया।





