लखनऊ, 23 मई 2026। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा चलाए जा रहे “पर्यावरण संरक्षण अभियान” (15 मई से 05 जून 2026) के अंतर्गत शुक्रवार को पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलवे परिसरों, यात्रियों एवं कर्मचारियों के बीच पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
लखनऊ जंक्शन स्टेशन परिसर में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधीक्षक ऐशबाग पॉलीक्लिनिक डॉ. रंजना पाटनी के नेतृत्व में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, लखनऊ जिला संघ के सहयोग से “वृक्ष लगाएं, प्रकृति बचाएं” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के जरिए वृक्षारोपण, स्वच्छता और हरित वातावरण को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को एकल उपयोगी प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया और उसके स्थान पर पुनः उपयोग योग्य एवं बायोडिग्रेडेबल सामग्री अपनाने की अपील की गई। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, उचित कचरा निपटान व्यवस्था अपनाने तथा सतत एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को कपड़े और जूट के थैलों का प्रयोग करने तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त गाइड सुश्री प्रिया पुरवार, जिला सचिव श्री अनूप कुमार, जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्री राघवेंद्र सिंह चौहान, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट श्री एस.एम.एस. आज़मी, सहायक जिला सचिव श्री दानिश आज़मी सहित स्काउट्स एवं गाइड्स के अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
इसी क्रम में मंडल रेलवे चिकित्सालय बादशाहनगर में भी पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने कर्मचारियों एवं मरीजों को प्लास्टिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक का प्राकृतिक वातावरण में शीघ्र विघटन नहीं होता, जिसके कारण पर्यावरण प्रदूषण तेजी से बढ़ता है और मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा आयोजित ये कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं, बल्कि समाज को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की दिशा में प्रेरित करने का कार्य भी कर रहे हैं।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




