गोरखपुर, 22 मई 2026। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा आधारभूत संरचना के विस्तार एवं रेल संचालन को और अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से गोंडा-गोंडा कचहरी स्टेशनों के मध्य तीसरी लाइन के प्रावधान हेतु प्री-नॉन इंटरलॉक एवं नॉन इंटरलॉक कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही 10 जुलाई 2026 को मुख्य संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण भी प्रस्तावित है। इस कार्य के चलते जून और जुलाई 2026 के दौरान कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन, शॉर्ट टर्मिनेशन/शॉर्ट ओरिजिनेशन, रि-शिड्यूलिंग तथा नियंत्रण किया गया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेनों की गति बढ़ाने, परिचालन समय कम करने तथा भविष्य में अतिरिक्त गाड़ियों के संचालन को ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया जा रहा है।

रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर-गोमती नगर एक्सप्रेस, छपरा-आनन्द विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, गोरखपुर-लखनऊ एक्सप्रेस, ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस, पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस, ग्वालियर-बलरामपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस सहित कई एक्सप्रेस एवं मेमू/डेमू ट्रेनों को विभिन्न तिथियों में निरस्त किया गया है। वहीं कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस, अमृतसर-छपरा एक्सप्रेस, आनन्द विहार टर्मिनल-राधिकापुर एक्सप्रेस, गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस, चण्डीगढ़-डिब्रुगढ़ एक्सप्रेस, दरभंगा-नई दिल्ली विशेष गाड़ी, यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर-बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, छपरा-मथुरा एक्सप्रेस, जम्मूतवी-बरौनी एक्सप्रेस, रक्सौल-आनन्द विहार एक्सप्रेस सहित अनेक गाड़ियों का मार्ग बदला गया है। मार्ग परिवर्तन के कारण कई प्रमुख स्टेशनों जैसे गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सीतापुर, मनकापुर, बाराबंकी, ऐशबाग, देवरिया सदर और सीवान पर इन ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त रहेगा।
इसके अतिरिक्त कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट एवं शॉर्ट ओरिजिनेट भी किया जाएगा। आसनसोल-गोंडा एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोंडा एक्सप्रेस, गोरखपुर-गोंडा सवारी गाड़ी, वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस तथा गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस जैसी कई गाड़ियां निर्धारित स्टेशन के बजाय बीच मार्ग के स्टेशनों तक ही संचालित होंगी। वहीं कुछ ट्रेनों को 2 से 4 घंटे तक रि-शिड्यूल भी किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ परिवर्तित मार्ग वाली ट्रेनों को खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, मऊ, बनारस, गाजीपुर सिटी तथा बलिया जैसे स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव भी प्रदान किया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा प्रारम्भ करने से पूर्व संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन, एनटीईएस अथवा आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य प्राप्त कर लें।




