बरेली। एएनटीएफ यूनिट बरेली ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने यह कार्रवाई मीरगंज क्षेत्र में रामपुर हाईवे स्थित हुरहुरी मोड़ के पास की, जहां तस्कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ पकड़ में आए।
एएनटीएफ टीम ने आरोपियों के कब्जे से 52 किलो 500 ग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड और 640 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद माल की कीमत करीब एक करोड़ 43 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके साथ ही एक इनोवा कार, तीन मोबाइल फोन और एक लाख तीन हजार पांच सौ बीस रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान बदायूं और बरेली जनपद के रहने वाले व्यक्तियों के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने नशे की सप्लाई से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है, जिसके जरिए यह खेप आसपास के कई जिलों में पहुंचाई जानी थी।
एएनटीएफ और जिला पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पूरे प्रकरण में थाना मीरगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएनटीएफ की यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।




