लोक बंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय और पंजाब नेशनल बैंक के संयुक्त प्रयास से हुआ आयोजन, 31 लोगों ने कराया पंजीकरण
लखनऊ, 27 अक्टूबर। राजधानी लखनऊ के विभूति खंड, गोमती नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय परिसर में लोक बंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय के ब्लड बैंक विभाग और पंजाब नेशनल बैंक के संयुक्त सौजन्य से वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कुल 31 रक्तदाताओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 25 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ लोक बंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय, लखनऊ के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. पी.सी. तिवारी तथा पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख सुजीत कुमार नेगी सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर रक्तदान के महत्व, जरूरतमंद मरीजों के उपचार में इसकी भूमिका और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय की टीम ने बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रक्तदान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दीं। उन्हें बताया गया कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन और अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से रक्त की जरूरत को पूरा करने में मदद मिलती है।
पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख सुजीत कुमार नेगी ने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनसे स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक करने पर बल दिया।
शिविर में पंजाब नेशनल बैंक की ओर से उप मंडल प्रमुख किसलय तिवारी, सुनील कुमार, एजीएम जागृति मीणा, सीएम निलेश झा और वरिष्ठ प्रबंधक सिद्धार्थ शुक्ला उपस्थित रहे। वहीं, लोक बंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय की ओर से एस.पी. उपाध्याय, राज कुमार पांडेय, धनंजय, नीतू भारती, राज बहादुर, सुनीता, आशीष, सुनील और अरविंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शिविर के समापन पर रक्तदाताओं को सूक्ष्म जलपान कराया गया। आयोजन का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।




