उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार को राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया, जो मदरसा बोर्ड की जगह लेगा, जिसका कार्यकाल इस साल जुलाई में समाप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की. अधिसूचना के मुताबिक, गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्राधिकरण के गठन और अध्यक्ष सहित 12 सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है.
उन्होंने कहा कि सभी सदस्य अल्पसंख्यक समुदाय से हैं और सुरजीत सिंह गांधी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. सदस्य के रूप में राकेश जैन, सैयद अली हामिद, पेमा तेनजिन, एल्बा मद्रिले, रोबिना अमन, गुरुमीत सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र बिष्ट और सेवानिवृत्त अधिकारी चन्द्रशेखर भट्ट को शामिल किया गया है।
इसके अलावा, स्कूल शिक्षा महानिदेशक, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद और अल्पसंख्यक कल्याण महानिदेशक को भी प्राधिकरण के पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
पिछले साल अगस्त में उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक-2025 पारित किया गया था, जिसे अक्टूबर में राज्यपाल की मंजूरी मिली थी। इसके तहत जुलाई 2026 से राज्य में मदरसा बोर्ड को खत्म किया जाना है और राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन कर सभी अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को इसके दायरे में लाने का प्रावधान है.
नया कानून न केवल मुस्लिम समुदाय को बल्कि राज्य के अन्य अल्पसंख्यक समुदायों-सिख, जैन, बौद्ध, ईसाई और पारसी समुदायों को भी अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान का दर्जा देता है। पहले अल्पसंख्यक संस्थानों की मान्यता केवल मुस्लिम समुदाय तक ही सीमित थी।




