उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा, अनमोल खरब और तस्नीम मीर ने बनाई अंतिम आठ में जगह; मिश्रित युगल में शीर्ष वरीय ध्रुव कपिला-तनीषा क्रैस्टो बाहर
लखनऊ, 26 नवंबर 2026। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं महिला एकल में उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा, अनमोल खरब और तस्नीम मीर ने जीत दर्ज कर अंतिम आठ में जगह बनाई।
हालांकि दिन का सबसे बड़ा उलटफेर मिश्रित युगल में देखने को मिला, जहां शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो को हार का सामना करना पड़ा। सातवीं वरीय ध्रुव रावत और मनीषा भी प्रतियोगिता से बाहर हो गए। पुरुष एकल में शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को भी हार झेलनी पड़ी।
गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित 2.50 लाख अमेरिकी डॉलर की इनामी प्रतियोगिता में गुरुवार को मुख्य ड्रॉ के एकल मुकाबलों की शुरुआत हुई। दिनभर कई मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।

महिला एकल में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा
महिला एकल में तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने अमेरिका की ईशिका जायसवाल को सीधे गेमों में 21-14, 21-18 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरी वरीय तन्वी शर्मा को इंडोनेशिया की एमए पुष्पिता सारी के खिलाफ कड़ी चुनौती मिली। पहला गेम 18-21 से गंवाने के बाद तन्वी ने शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों गेम 21-18, 21-18 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।

अनमोल खरब ने पांचवीं वरीय हमवतन अस्मिता चालिहा को 21-16, 21-15 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। विश्व रैंकिंग में 30वें स्थान पर काबिज अस्मिता को अनमोल ने 35 मिनट में शिकस्त दी। वहीं तस्नीम मीर ने छठी वरीय स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमोर को 21-19, 21-5 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

हालांकि भारत की ईशारानी बरुआ को हार का सामना करना पड़ा। इंडोनेशिया की एनकेडीए पृथ्वी ने आठवीं वरीय ईशारानी को 21-9, 9-21, 21-17 से हराया। पहला गेम गंवाने के बाद ईशारानी ने दूसरे गेम में वापसी की, लेकिन निर्णायक गेम में इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने जीत हासिल कर ली।
शीर्ष वरीय जापान की रिको गुंजी ने भारत की रक्षिता संतोष रामराज को 21-13, 21-19 से हराया। वहीं मलेशिया की वांग लिंग चिंग ने तान्या हेमनाथ को 16-21, 21-13, 21-17 से शिकस्त दी।

मिश्रित युगल में ध्रुव-तनीषा को उलटफेर का शिकार होना पड़ा
मिश्रित युगल में शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो को मलेशिया के वी यी हर्न और वैनी गोबी ने 22-20, 21-15 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। करीब 40 मिनट चले मुकाबले में मलेशियाई जोड़ी ने पहले गेम में कड़े संघर्ष के बाद बढ़त बनाई और दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया।
इसी वर्ग में मलेशिया के एम. नवाफ खोइरियांश्याह और इंदाह काह्या सारी जमील ने सातवीं वरीय भारतीय जोड़ी ध्रुव रावत और मनीषा को 21-16, 21-15 से हराया।
हालांकि मिश्रित युगल में भारत की दो जोड़ियों ने जीत दर्ज की। सात्विक रेड्डी कन्नपुरम और रेशिका ने आयुष मखीजा और अनघा अरविंदा पाई को 22-20, 21-23, 21-14 से पराजित किया। वहीं विराज कुवले और रुतुपर्णा पांडा ने फ्रांस की जोड़ी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 16-21, 21-13, 21-17 से हराया।
पुरुष एकल में तुषार सुवीर जीते, शीर्ष वरीय जेसन तेह बाहर
पुरुष एकल में भारत के तुषार सुवीर ने हमवतन शाश्वत दलाल को सीधे गेमों में 21-14, 21-12 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। हालांकि गिनपाल सोना को छठी वरीय फ्रांस के अर्नौड मर्केल ने 21-15, 9-21, 21-5 से शिकस्त दी।
दूसरी वरीय मलेशिया के ली जी जिया ने भारत के प्रणव शेट्टीगर को 21-11, 21-18 से हराया। वहीं इंडोनेशिया के प्रदिस्का बागास शुजीवो ने बड़ा उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 14-21, 21-15, 21-17 से पराजित कर दिया।
महिला युगल में गायत्री-त्रिशा की शानदार जीत
महिला युगल में पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली ने हमवतन श्रेया बालाजी और प्रणवी नटराजन को एकतरफा मुकाबले में 21-9, 21-8 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
आठवीं वरीय अश्विनी भट्ट के और शिखा गौतम ने मान्या रहलान और रेशिका को तीन गेम तक चले मुकाबले में 16-21, 21-12, 21-19 से हराया।
हालांकि उत्तर प्रदेश की अमोलिका सिंह सिसोदिया और समृद्धि सिंह को फ्रांस की सातवीं वरीय मार्गोट लैम्बर्ट और केमिली पोगनैंट ने 21-16, 21-10 से शिकस्त दी। अदिति भट्ट और श्रवाणी वालेकर को भी पांचवीं वरीय थाईलैंड की जोड़ी ने 21-18, 21-14 से हराया।
चौथी वरीय इंडोनेशियाई जोड़ी इसयाना स्याहिरा मीदा और रिंजानी क्विनारा नास्टिन ने उत्तर प्रदेश की श्रुति मिश्रा और मणिपुर की प्रिया को 21-10, 21-6 से पराजित किया।
पुरुष युगल में हरिहरन-अर्जुन की जोड़ी अगले दौर में
पुरुष युगल में तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने फ्रांस के मैल कॉटन और लुकास रेनोर को 21-12, 22-20 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
महिला एकल में चार भारतीय खिलाड़ियों के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने और महिला युगल में गायत्री-त्रिशा की जीत से भारतीय खेमे में उत्साह है। अब घरेलू दर्शकों की निगाहें भारतीय खिलाड़ियों के अगले मुकाबलों पर रहेंगी।




