महिला युगल में मौजूदा चैंपियन त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद खिताब बचाने उतरेंगी, दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क
लखनऊ। राजधानी लखनऊ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ियों की मेजबानी करने जा रही है। प्रतिष्ठित सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 24 से 29 नवंबर 2026 तक गोमतीनगर स्थित योनेक्स सनराइज बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में होगा। टूर्नामेंट में 22 देशों के 269 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 2.50 लाख अमेरिकी डॉलर रखी गई है।
22 देशों के 269 खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में भारत सहित 22 देशों के खिलाड़ी पांच स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश करेंगे। मेजबान भारत के 146 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा मलेशिया के 20, इंडोनेशिया के 19 और थाईलैंड के 17 खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
टूर्नामेंट में पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। क्वालीफाइंग मैच 24 नवंबर को होंगे, जबकि इसी दिन मुख्य ड्रॉ के मुकाबले भी शुरू हो जाएंगे। सभी वर्गों के फाइनल 29 नवंबर को खेले जाएंगे।
एचएस प्रणय, तन्वी शर्मा और उन्नति हुड्डा पर रहेंगी निगाहें
पुरुष एकल में सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को शीर्ष वरीयता दी गई है, जबकि मलेशिया के ली जी जिया दूसरे और भारत के एचएस प्रणय तीसरे वरीय खिलाड़ी होंगे। भारतीय खिलाड़ी थारुण मन्नपल्ली आठवीं वरीयता के साथ उतरेंगे।
महिला एकल में जापान की रिको गुंजी शीर्ष वरीय हैं। भारत की तन्वी शर्मा को दूसरी और उन्नति हुड्डा को तीसरी वरीयता मिली है। वहीं अस्मिता चालिहा, देविका सिहाग और ईशारानी बरुआ भी भारतीय चुनौती को मजबूत करेंगी।
त्रिशा-गायत्री खिताब बचाने उतरेंगी
महिला युगल में पिछले संस्करण की विजेता भारतीय जोड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पी इस बार अपने खिताब का बचाव करेंगी। जोड़ी को प्रतियोगिता में शीर्ष वरीयता दी गई है। भारतीय जोड़ी अश्विनी भट के. और शिखा गौतम को आठवीं वरीयता मिली है।
पुरुष युगल में हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन तीसरी वरीयता के साथ भारतीय चुनौती पेश करेंगे। वहीं मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो शीर्ष वरीयता के साथ उतरेंगे। रोहन कपूर-रुत्विका शिवानी गड्डे चौथी तथा ध्रुव रावत-मनीषा के सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी हैं।
यूपी के खिलाड़ी भी दिखाएंगे दम
चैंपियनशिप के मुख्य ड्रॉ में उत्तर प्रदेश की श्रुति मिश्रा महिला युगल में प्रिया के साथ जोड़ी बनाकर खेलेंगी, जबकि मानसी सिंह महिला एकल में अपनी चुनौती पेश करेंगी। स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों में खेलने और अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी के अलावा ओमैक्स हाइट्स स्थित गौरव खन्ना एक्सीलिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क, टीवी पर होगा लाइव प्रसारण
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता देखने के लिए दर्शकों को प्रवेश निशुल्क रहेगा। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का दूरदर्शन तथा वेव ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विराज सागर दास ने कहा कि लखनऊ में इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे प्रदेश में बैडमिंटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने से प्रेरणा मिलेगी।
आयोजन समिति ने दी डॉ. सुधर्मा सिंह को श्रद्धांजलि
प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। उनका निधन 2 नवंबर को हुआ था। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
चैंपियनशिप के आयोजन में रेडिको खेतान, मिगसन, काउंटी फाउंडेशन, इन्वेस्ट यूपी और यूपी टूरिज्म का सहयोग प्राप्त है। प्रतियोगिता में रेफरी श्रीलंका के रोहना डी सिल्वा होंगे, जबकि डिप्टी रेफरी इयान रॉस, टूर्नामेंट मैनेजर रुवियन रुस्लान और कंपटीशन मैनेजर राजेश कमल राजपूत आयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रतियोगिता कार्यक्रम:
– क्वालीफाइंग मुकाबले: 24 नवंबर 2026
– मुख्य ड्रॉ: 24 से 29 नवंबर 2026
– फाइनल मुकाबले: 29 नवंबर 2026
– कुल पुरस्कार राशि: 2,50,000 अमेरिकी डॉलर
– स्थान: योनेक्स सनराइज बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर, लखनऊ
– प्रवेश: दर्शकों के लिए निशुल्क




