लखनऊ, 23 अगस्त 2026। मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए लगातार छठी जीत दर्ज की। रविवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में मेरठ ने गौर गोरखपुर लायंस को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर प्ले-ऑफ में जगह पक्की कर ली। मेरठ प्ले-ऑफ में पहुंचने वाली सीजन की पहली टीम बनी।
बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबला 8-8 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोरखपुर लायंस ने 8 ओवर में 6 विकेट पर 91 रन बनाए। जवाब में मेरठ मावेरिक्स ने महज 6.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 92 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मेरठ की जीत के नायक लेग स्पिनर जीशान अंसारी रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने दो ओवर में महज 10 रन देकर चार विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

गोरखपुर लायंस ने पारी की शुरुआत तेज अंदाज में की। सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह और आर्यन चौधरी ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवर में 44 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। अभय प्रताप सिंह ने 33 रन बनाए, जबकि आर्यन चौधरी ने 15 रन का योगदान दिया।
इसके बाद जीशान अंसारी ने गोरखपुर की पारी पर ब्रेक लगा दिया। चौथे ओवर में उन्होंने आर्यन चौधरी और सिद्धार्थ यादव को आउट कर दोहरा झटका दिया। अभय प्रताप सिंह भी विशाल चौधरी की गेंद पर विजय कुमार को कैच दे बैठे। इसके बाद जीशान ने छठे ओवर में हरदीप सिंह और कप्तान आर्यन जुयाल को पवेलियन भेज दिया। आर्यन जुयाल ने चार गेंदों पर 11 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। प्रिंस यादव को कार्तिक त्यागी ने आउट किया। गोरखपुर की टीम 6 विकेट पर 91 रन तक पहुंच सकी।
92 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। स्वास्तिक चिकारा और अक्षय दुबे ने तेजी से रन जुटाए। अक्षय दुबे ने नौ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 13 रन बनाए, लेकिन चोट के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा।

इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला और स्वास्तिक चिकारा के साथ मिलकर गोरखपुर के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मेरठ को सिर्फ 6.4 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
स्वास्तिक चिकारा ने 24 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 44 रन बनाए। वहीं कप्तान रिंकू सिंह ने महज सात गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 29 रन ठोक दिए। मेरठ ने आठ गेंद शेष रहते 10 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों को एक साथ उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिल रहा है, जिससे प्रदेश के क्रिकेटरों को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिल रहा है।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को लगातार उच्च स्तर की क्रिकेट उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देना है।
इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य फैसल शेरवानी, अजीज खान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। टॉस मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
लगातार छह जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स अब अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर मजबूती से कायम है और प्ले-ऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनकर खिताब की दौड़ में अपनी दावेदारी और मजबूत कर चुकी है।




