कानपुर की जीत में अजय की धार और रिजवी-आदर्श की शानदार बल्लेबाजी

WhatsApp Image 2026 08 22 at 12.31.08 AM 1 40kb
Spread the love

लखनऊ, 21 अगस्त 2026। बारिश से प्रभावित मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स ने शानदार वापसी करते हुए लखनऊ फाल्कन्स को सात विकेट से शिकस्त दी। पहले अजय कुमार की घातक गेंदबाजी और फिर कप्तान समीर रिजवी व आदर्श सिंह की बेहतरीन अर्धशतकीय पारियों ने कानपुर को सीजन-4 की पहली जीत दिलाई। वहीं लखनऊ फाल्कन्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को बारिश के कारण 18-18 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ फाल्कन्स ने सात विकेट पर 146 रन बनाए। जवाब में कानपुर सुपरस्टार्स ने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर तीन विकेट खोकर 147 रन बनाते हुए रोमांचक जीत अपने नाम कर ली।

मैच की शुरुआत यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग लगातार नए मुकाम हासिल कर रही है और इसका उद्देश्य प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों के लगातार मिल रहे समर्थन पर भी खुशी जताई।

टॉस जीतकर कानपुर के कप्तान समीर रिजवी ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लखनऊ के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ और प्रियम गर्ग ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। सैफ ने 26 गेंदों पर 33 रन बनाए, जबकि प्रियम गर्ग ने 15 गेंदों में 19 रन जोड़े।

इसके बाद अजय कुमार ने गेंद से कहर बरपाया। उन्होंने प्रियम गर्ग को आउट कर पहली सफलता दिलाई और फिर मोहम्मद सैफ तथा आराध्य यादव को भी पवेलियन भेज दिया। लखनऊ के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ने में नाकाम रही।

हालांकि आखिरी ओवरों में विप्रज निगम और समीर चौधरी ने तेजी से रन जुटाकर स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया। विप्रज निगम ने सिर्फ 10 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाए, जबकि समीर चौधरी ने 18 रन का योगदान दिया। आखिरी गेंद पर अजय कुमार ने समीर चौधरी को आउट कर लखनऊ की पारी 146 रन पर रोक दी। अजय ने अपने चार ओवर में 27 रन देकर चार विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स ने आक्रामक शुरुआत की। पावरप्ले में टीम ने बिना विकेट गंवाए 48 रन जोड़ दिए। प्रियांशु पांडेय ने 19 गेंदों पर 26 रन बनाए, लेकिन छठे ओवर की पहली गेंद पर उनका विकेट गिर गया।

इसके बाद आदर्श सिंह और कप्तान समीर रिजवी ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने लखनऊ के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए तेजी से रन जुटाए और दूसरे विकेट के लिए 93 रन की शानदार साझेदारी की। आदर्श सिंह ने 44 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए।

दूसरी ओर कप्तान समीर रिजवी ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 40 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 58 रन ठोके। दोनों बल्लेबाजों ने 16वें ओवर में अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और कानपुर को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया।

हालांकि लखनऊ ने आखिरी क्षणों में मुकाबले में वापसी की कोशिश की। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिनंदन सिंह ने समीर रिजवी को आउट कर दिया। इसके बाद अंतिम ओवर में कानपुर को छह रन की जरूरत थी। नवनीत कुमार ने पहली ही गेंद पर आदर्श सिंह को आउट कर रोमांच बढ़ा दिया।

कानपुर को तीन गेंदों पर पांच रन चाहिए थे और दबाव बढ़ चुका था। लेकिन सत्यम सांगू ने संयम बनाए रखा। उन्होंने चौका लगाकर स्कोर बराबर किया और फिर अगली गेंद पर एक रन लेकर कानपुर सुपरस्टार्स को रोमांचक जीत दिला दी।

इस जीत के साथ कानपुर सुपरस्टार्स ने सीजन-4 में जीत का खाता खोल लिया, जबकि लखनऊ फाल्कन्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *