मऊ- श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन मिले, इसके लिए जिले के कांवड़ मार्गों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त मंजूषा सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-29 समेत कई स्थानों पर ढाबों, मिठाई की दुकानों, होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यू.पी. 54 ढाबा और सान्वी रेस्टोरेंट बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित मिले। दोनों जगह साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहद खराब पाई गई। इस पर विभाग ने तत्काल दोनों प्रतिष्ठानों का संचालन बंद कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने, साफ-सफाई बनाए रखने, खुले मसालों और कृत्रिम रंगों का प्रयोग न करने तथा ताजा भोजन ही तैयार कर परोसने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की कि खुले में रखे खाद्य पदार्थ और कटे फल न खरीदें तथा केवल लाइसेंसधारी दुकानों से ही खाद्य सामग्री लें। विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावण भर यह अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना, ओम प्रकाश यादव, रीता, अजीत कुमार त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
श्रावण मास में खाद्य विभाग सख्त, बिना लाइसेंस के चल रहे दो होटल-दुकान सील




