यूपी टी-20 लीग सीजन-4: गोरखपुर लायंस को 36 रन से हराया, 206 रन के विशाल स्कोर का किया सफल बचाव
लखनऊ, 16 अगस्त 2026। सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकार की तूफानी 82 रन की पारी और तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की धारदार गेंदबाजी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के पांचवें मुकाबले में गोरखपुर लायंस को 36 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 206 रन बनाए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा। जवाब में गोरखपुर लायंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी।

गोरखपुर के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन मेरठ के सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। स्वास्तिक चिकार और ऋतुराज शर्मा ने 4.2 ओवर में टीम के 50 रन पूरे किए, जबकि पावरप्ले के छह ओवर में मेरठ का स्कोर 69 रन तक पहुंच गया। दोनों के बीच 86 रन की साझेदारी को निश्चांत ठाकुर ने ऋतुराज शर्मा को 44 रन पर आउट कर तोड़ा। चिकार ने इसके बाद महज 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अक्षय दुबे के साथ 62 रन की साझेदारी की। उन्होंने 45 गेंदों पर 82 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और चार छक्के शामिल रहे। इस पारी के दौरान चिकार ने यूपी टी-20 लीग में अपने 100 छक्के पूरे कर खास उपलब्धि हासिल की और ऐसा करने वाले लीग के दूसरे बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी यह मुकाम हासिल कर चुके हैं।

206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस की शुरुआत खराब रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। 10 ओवर के बाद गोरखपुर का स्कोर पांच विकेट पर सिर्फ 56 रन था। सिद्धार्थ यादव ने 22 गेंदों पर 40 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की और निशांत कुशवाहा के साथ 47 रन की साझेदारी की, लेकिन जीशान अंसारी ने सिद्धार्थ को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। 18वें ओवर में निशांत ठाकुर ने विशाल चौधरी के खिलाफ लगातार चार छक्के लगाकर मुकाबले में रोमांच जरूर पैदा किया, लेकिन अगले ही ओवर में कार्तिक त्यागी ने करीब 143 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली यॉर्कर पर उन्हें बोल्ड कर दिया। त्यागी ने चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। गोरखपुर की टीम नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी और मेरठ ने मुकाबला 36 रन से अपने नाम कर लिया।
मेरठ की जीत के साथ टीम ने कई खास उपलब्धियां भी दर्ज कीं। मेरठ इस सीजन में टॉस हारने के बाद जीत दर्ज करने वाली और पहले बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला जीतने वाली पहली टीम बनी। 206 रन इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा, जबकि कार्तिक त्यागी ने 149 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड भी बनाया। मुकाबले के अंतिम क्षणों में कप्तान रिंकू सिंह ने शानदार कैच लपककर मेरठ की जीत पर मुहर लगा दी।





