बरेली। नेशनल हाईवे-24 पर मंगलवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें मौलाना तौकीर रज़ा के बेटे फरमान की कार सीतापुर डिपो की रोडवेज बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और दोनों एयरबैग खुल गए। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के मुताबिक, फरमान बरेली की ओर जा रहे थे, तभी काच्यानी खेड़ा मंदिर के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटने लगी और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने कार में फंसे फरमान को सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में लिया और थाने ले जाकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया है। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुआ। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




