लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना मोहनलालगंज क्षेत्र में शुक्रवार को कक्षा सात का एक छात्र परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया। छात्र के अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई कर कुछ ही घंटों में छात्र को सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मऊ निवासी छात्र शुक्रवार दोपहर मोहनलालगंज कस्बे में कोचिंग पढ़ने आया था, लेकिन निर्धारित समय पर घर नहीं पहुंचा। परिजनों द्वारा आसपास काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो छात्र के पिता ने थाना मोहनलालगंज में बेटे के लापता होने की सूचना दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संभावित स्थानों पर खोज अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने छात्र को सिसेंडी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान छात्र ने बताया कि पढ़ाई को लेकर गुरुवार को परिजनों द्वारा डांट दिए जाने से वह नाराज हो गया था, इसी कारण वह कोचिंग न जाकर घर से निकल गया।
पुलिस ने छात्र के माता-पिता को कोतवाली बुलाकर समझाइश दी और छात्र को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं सराहनीय कार्यवाही के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों से संवाद बनाए रखें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
परिजनों की डांट से नाराज छात्र घर से निकला, पुलिस ने कुछ ही घंटों में सकुशल किया बरामद




