अति रोमांचक मुकाबला: उत्तर प्रदेश ने केरल को 2 रन से दी पटखनी विजय बवंडर का ऑलराउंड प्रदर्शन, अंतिम ओवर में आयुष ने पलटी बाजी

WhatsApp Image 2026 02 19 at 9.38.56 PM
Spread the love

नई दिल्ली। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को उत्तर प्रदेश की टीम ने अपने जुझारू खेल का परिचय देते हुए केरल को एक बेहद नजदीकी मुकाबले में 2 रनों से पराजित कर दिया। दिल्ली के ऐतिहासिक रौशन आरा क्लब मैदान पर खेले गए इस मैच में जीत का फैसला अंतिम गेंद तक टिका रहा, जिसने दर्शकों की सांसें थाम दीं।

उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 185 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की इस मजबूत शुरुआत के सूत्रधार रहे विजय बवंडर, जिन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 47 गेंदों पर 81 रनों की तूफानी पारी खेली। उनका बखूबी साथ निभाया हिमांशु सिंह ने, जिन्होंने 21 गेंदों पर ताबड़तोड़ 44 रन जोड़े। कप्तान अभिषेक गुप्ता ने भी 29 रनों का संयमित योगदान देकर पारी को स्थिरता प्रदान की।

186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केरल की टीम ने अंत तक हार नहीं मानी। हालांकि, उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से मैच पर पकड़ बनाए रखी। निर्णायक ओवर में जब केरल को जीत के लिए कुछ ही रनों की दरकार थी, तब आयुष प्रताप सिंह ने अपनी धारदार गेंदबाजी से पासा पलट दिया। केरल की टीम 9 विकेट खोकर 183 रन ही बना सकी। यूपी की ओर से विजय बवंडर ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी जौहर दिखाते हुए 4 विकेट झटके। आयुष प्रताप सिंह को 2, जबकि शाकिब, हिमांशु सिंह और उपकप्तान राहुल कुमार सिंह को 1-1 विकेट मिला।

इस शानदार जीत के साथ उत्तर प्रदेश ने टूर्नामेंट के दूसरे चरण में अपना विजय अभियान जारी रखा है। टीम का अगला मुकाबला आज उड़ीसा के विरुद्ध होगा, जिसमें जीत हासिल कर यूपी सेमीफाइनल की राह और आसान करना चाहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *