मऊ- रविवार। बलिया मोड़ स्थित सांसद राजीव राय के निजी आवास पर उस समय सियासी उत्सव का माहौल देखने को मिला, जब घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय ने अपना 54वां जन्मदिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच धूमधाम से मनाया। सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। देखते ही देखते आवास परिसर समर्थकों की भीड़ से गुलजार हो गया। घोसी लोकसभा क्षेत्र के साथ ही आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में पहुंचे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सांसद को फूल-मालाएं पहनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान केक काटकर उनके दीर्घायु और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की गई। ग्रामीण अंचलों से पहुंचे समर्थकों का उत्साह विशेष रूप से देखने लायक रहा। जन्मदिन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद राजीव राय को गदा भेंट की। गदा हाथ में लेते ही सांसद ने मुस्कुराते हुए कहा, “यह कौरवों पर गिरेगी।” सांसद के इस अंदाज पर समर्थकों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर सांसद राजीव राय ने जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्यार, स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मिले स्नेह को अपने लिए विशेष बताया। समारोह ने क्षेत्र में सपा समर्थकों के बीच उत्साह और राजनीतिक सक्रियता की तस्वीर भी पेश की।





