तेल कंपनियों की मनमानी के खिलाफ 26 अक्टूबर को दिल्ली में जुटेंगे LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स

WhatsApp Image 2026 08 12 at 1.18.11 PM
Spread the love

लखनऊ। तेल कंपनियों की कथित मनमानी और डिस्ट्रीब्यूटर्स के उत्पीड़न के विरोध में देशभर के एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स 26 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। गोमती होटल, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस शर्मा ने कहा कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स तेल कंपनियों के व्यापारिक सहयोगी हैं, लेकिन उनके साथ गुलामों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम समेत अन्य तेल कंपनियों के अधिकारी नए-नए नियम लागू कर डिस्ट्रीब्यूटर्स पर दबाव बनाते हैं और विरोध करने पर नोटिस जारी करने के साथ डीलरशिप निरस्त करने की धमकी देते हैं।

बीएस शर्मा ने कहा कि डिस्ट्रीब्यूटर्स केवल वही कार्य करेंगे, जो उनके अनुबंध में निर्धारित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों की ओर से गैस चूल्हे और सुरक्षा के नाम पर गैस पाइप बेचने के लिए दबाव बनाया जाता है। उन्होंने ई-केवाईसी को उपभोक्ता का कार्य बताते हुए कहा कि इसके लिए डिस्ट्रीब्यूटर्स पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डिस्ट्रीब्यूटर्स की ओर से भेजी गई मांग के अनुसार सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराए जाते और मनमाने तरीके से मांग में बदलाव कर कॉमर्शियल सिलिंडर थमा दिए जाते हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुकिंग अवधि के अंतर को भी समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरों में 25 दिन की बुकिंग व्यवस्था का भेदभाव खत्म होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मांगों को लेकर देशभर के डिस्ट्रीब्यूटर्स 26 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एकजुट होकर विरोध दर्ज कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *