लखनऊ, 20 मई 2026। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान” एवं “पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा” के अंतर्गत आज पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/फ्रेट एवं ईएनएचएम श्री महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मंडल के विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में आयोजित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों, कर्मचारियों एवं आमजन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के दौरान लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग जंक्शन, बस्ती एवं गोरखपुर रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वच्छता कार्यक्रम चलाए गए। इस अवसर पर यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों तथा संविदा सफाई कर्मियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में जागरूक किया गया तथा हरे, नीले एवं पीले डस्टबिनों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। एकल उपयोग प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए बायोडिग्रेडेबल एवं पुनः उपयोग योग्य सामग्री अपनाने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही प्लेटफार्मों, रेलवे ट्रैकों, नालियों, पार्कों, कार्यालय परिसरों एवं रेलवे कॉलोनियों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
वेंडरों एवं संविदा सफाई कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए खान-पान स्टॉलों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित की। अभियान के दौरान यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं ऊर्जा बचत से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए तथा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता रैलियां भी निकाली गईं। रैलियों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “पानी बचाओ, धरती बचाओ” एवं “प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण अपनाओ” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से जनजागरूकता फैलायी गई। अभियान में लगभग 800 लोगों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। रेलवे प्रशासन ने भविष्य में भी इसी प्रकार के पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अभियानों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



