लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सोमवार शाम खेले गए यूपी टी20 लीग सीजन-4 के छठे मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने रोमांचक अंदाज में नोएडा किंग्स को 3 विकेट से हरा दिया। नोएडा किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 136 रन पर ऑलआउट हो गई। लखनऊ की ओर से अभि नंदन सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि नवनीत कुमार ने 3 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत भी लड़खड़ा गई, लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज आराध्य यादव ने 42 गेंदों पर 51 रन की धैर्यपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभाला। ‘स्पीड हंट’ से निकले तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने 3/22 की प्रभावी गेंदबाजी करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया और 16वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर नोएडा की वापसी की उम्मीद जगाई। हालांकि, समीर चौधरी ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए और 19.2 ओवर में लखनऊ को 3 विकेट से जीत दिला दी। मुकाबले की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान ने घंटा बजाकर की। शानदार गेंदबाजी के लिए अभि नंदन सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
लखनऊ फाल्कन्स की रोमांचक जीत, अभि नंदन सिंह बने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’

















