मऊ- निर्माण श्रमिकों के लिए रोजगार की तलाश और सरकारी योजनाओं तक पहुंच अब पहले से आसान होने जा रही है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने श्रमिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए “श्रमिक एप (B.O.C.W.)” की शुरुआत की है। यह एप श्रमिकों और नियोजकों के बीच एक मजबूत कड़ी बनकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। सहायक श्रमायुक्त प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि एप पर पंजीकृत श्रमिक अपनी उपलब्धता दर्ज कर सकेंगे, जबकि ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां और अन्य नियोजक अपनी जरूरत के अनुसार कुशल श्रमिकों का चयन कर सकेंगे। इससे रोजगार प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और समय की बचत होगी। उन्होंने बताया कि यह एंड्रॉयड आधारित एप केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि श्रमिकों को विभागीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का भी प्रभावी जरिया बनेगा। उन्होंने सभी निर्माण श्रमिकों, नियोजकों और श्रमिक संगठनों से अपील की कि वे इस “श्रमिक एप” जैसी डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




