यूपी टी-20 मिनी ऑक्शन में खिलाड़ियों पर जमकर हुई धनवर्षा, कर्ण शर्मा बने सबसे महंगे खिलाड़ी शुभम गौतम पर 21.50 लाख की दूसरी सबसे बड़ी बोली, 250 से अधिक खिलाड़ियों पर लगी बोली

WhatsAppImage2026 07 24at11.57.51PM1
Spread the love

आगरा, 24 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की मिनी नीलामी शुक्रवार को आगरा के ताज कन्वेंशन सेंटर में बेहद रोमांचक माहौल के बीच संपन्न हुई। इस मिनी ऑक्शन में प्रदेशभर के 250 से अधिक खिलाड़ियों पर विभिन्न फ्रेंचाइजी ने जमकर बोली लगाई। युवा प्रतिभाओं के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों पर भी करोड़ों नहीं, लेकिन लाखों रुपये की बारिश देखने को मिली। नीलामी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यूपी टी-20 लीग अब उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ा मंच बन चुकी है, जहां प्रतिभा को पहचान और बेहतर अवसर दोनों मिल रहे हैं।

इस बार की नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी अनुभवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और आईपीएल स्टार कर्ण शर्मा रहे। मेरठ के इस अनुभवी स्पिनर का बेस प्राइस पांच लाख रुपये था, लेकिन कानपुर सुपरस्टार्स ने उन पर भरोसा जताते हुए 23 लाख रुपये की बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। कर्ण शर्मा के अनुभव और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को देखते हुए यह बोली पूरी नीलामी का सबसे बड़ा आकर्षण रही।

नीलामी की दूसरी सबसे बड़ी बोली बुलंदशहर के युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम पर लगी। महज 2.50 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले शुभम को नोएडा किंग्स ने 21.50 लाख रुपये में खरीदकर सभी को चौंका दिया। यूपीसीए के स्पीड हंट कार्यक्रम से पहचान बनाने वाले शुभम की तेज गेंदबाजी ने फ्रेंचाइजी का ध्यान आकर्षित किया और वह इस ऑक्शन के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल रहे। वहीं मेरठ के विस्फोटक बल्लेबाज शिवम चौधरी को गौर गोरखपुर लायंस ने 21 लाख रुपये में खरीदकर अपनी टीम को मजबूत किया।

इसके अलावा कई अन्य खिलाड़ियों पर भी फ्रेंचाइजी ने बड़ा दांव खेला। मोहम्मद शारिम को काशी रुद्रास ने 17.50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा, जबकि ऑलराउंडर शिवा सिंह को नोएडा किंग्स ने इतनी ही राशि देकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया। लखनऊ फाल्कंस ने मेरठ के बल्लेबाज समीर चौधरी को 11.75 लाख रुपये में खरीदा, जबकि नोएडा किंग्स ने विकेटकीपर बल्लेबाज शोएब सिद्दीकी पर 11.25 लाख रुपये की बोली लगाई।

WhatsApp Image 2026 07 24 at 11.57.51 PM

कानपुर सुपरस्टार्स ने यशोवर्धन सिंह और प्रियांशु पाण्डेय को 6.60-6.60 लाख रुपये में खरीदा। काशी रुद्रास ने विजय यादव को 5.20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। वहीं नोएडा किंग्स ने अंचित यादव को उनके पांच लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा। मेरठ मावेरिक्स ने करण चौधरी और कुणाल यादव को पांच-पांच लाख रुपये में अनुबंधित किया, जबकि काशी रुद्रास ने वैभव चौधरी को भी पांच लाख रुपये में अपनी टीम से जोड़ा।

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस मिनी ऑक्शन का संचालन प्रसिद्ध ऑक्शनर अंगद बेदी ने किया। इस अवसर पर राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने पिछले तीन सीजन में जिस तरह का प्रभाव छोड़ा है, वह अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि यह लीग उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुकी है तथा यहां से कई खिलाड़ियों ने अपने करियर को नई दिशा दी है।

यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने का मंच है। उन्होंने कहा कि लीग की शुरुआत से ही उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा है और हर सीजन में नए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ रहे हैं।

नीलामी के दौरान कानपुर सुपरस्टार्स ने मोहम्मद अमान और शिवम बंसल को उनके 3.50 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा। नोएडा किंग्स ने शौर्य सिंह, दीपक राजपूत, रजत संसेरवाल और वंश को उनके बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया। लखनऊ फाल्कंस ने कार्तिकेय सिंह, रोहित द्विवेदी, सुधांशु सोनकर और यशु प्रधान को भी 3.50 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अनुबंधित किया। वहीं 2.50 लाख रुपये के बेस प्राइस वर्ग में कानपुर सुपरस्टार्स ने अजय कुमार और लखनऊ फाल्कंस ने कृष्ण कुमार सरोज को अपनी टीम में शामिल किया।

मिनी ऑक्शन के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, यूपीसीए के मीडिया चेयरमैन मोहम्मद फहीम, जिला क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल सहित कई पदाधिकारी और क्रिकेट जगत से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खिलाड़ियों पर लगी बड़ी बोलियों और युवा प्रतिभाओं को मिले शानदार अवसरों ने यह स्पष्ट कर दिया कि यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन पहले से कहीं अधिक प्रतिस्पर्धी और रोमांचक होने वाला है।

WhatsApp Image 2026 07 24 at 8.47.33 PM


Discover more from Star News 24 Live

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from Star News 24 Live

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading