पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परिचालनिक सुगमता एवं आधारभूत संरचना के विस्तार के उद्देश्य से वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैण्ट–पनियहवा रेल खंड पर उनौला एवं पिपराइच स्टेशनों के मध्य दोहरीकरण कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत 30 मई 2026 तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, 31 मई से 5 जून 2026 तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा 6 जून से 8 जून 2026 तक नॉन इंटरलॉकिंग कार्य सम्पन्न किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 8 जून 2026 को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण भी प्रस्तावित है। इन कार्यों के कारण रेलवे प्रशासन ने पूर्व में जारी ट्रेनों के निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन एवं पुनर्निर्धारण संबंधी प्रेस विज्ञप्ति में संशोधन किया है।
संशोधित व्यवस्था के तहत 12211 मुजफ्फरपुर-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस को 29 मई एवं 5 जून 2026 को मुजफ्फरपुर से परिवर्तित मार्ग छपरा ग्रामीण–भटनी–गोरखपुर होकर चलाया जाएगा। इस परिवर्तन के कारण ट्रेन चकिया, बापूधाम मोतिहारी, सगौली, बेतिया, नरकटियागंज तथा बगहा स्टेशनों पर नहीं जाएगी। इसी प्रकार 12212 आनन्द विहार टर्मिनस-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस को 20 मई एवं 3 जून 2026 को गोरखपुर–छपरा ग्रामीण मार्ग से संचालित किया जाएगा, जिसके चलते यह ट्रेन बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी तथा चकिया स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
इसके अलावा 04013 लौकहा बाजार-आनन्द विहार टर्मिनस विशेष गाड़ी को 20 मई से 8 जून 2026 तक सकरी–मुजफ्फरपुर–छपरा ग्रामीण–गोरखपुर मार्ग से चलाया जाएगा। मार्ग परिवर्तन के कारण यह विशेष गाड़ी शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज, हरिनगर, बगहा, सिसवा बाजार तथा कप्तानगंज स्टेशनों पर नहीं जाएगी।
वहीं नियंत्रण व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है। 19037 बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस को 19 मई 2026 को पश्चिम मध्य रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे एवं उत्तर रेलवे पर 30-30 मिनट तथा पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में 60 मिनट नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति एवं मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.