बरेली। थाना भुता पुलिस ने इंश्योरेंस के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद नवी, फरमान, मोहम्मद अकरम और आरिफ के रूप में हुई है। यह गिरोह मोबाइल फोन के माध्यम से खुद को नामी बीमा कंपनियों का एजेंट बताकर लोगों को बोनस और अतिरिक्त लाभ का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी को अंजाम देता था।
पुलिस ने केसरपुर साप्ताहिक बाजार के खाली मैदान से चारों को उस समय हिरासत में लिया जब वे स्लैटी रंग की स्विफ्ट कार (UP24BC0296) में बैठकर ठगी की नई योजना बना रहे थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, 5 एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, 4 चालान स्लिप, एक विजिटिंग कार्ड और 54,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि ठगी से प्राप्त धनराशि को आरोपी फर्जी तरीके से खोले गए बैंक खातों में ट्रांसफर करते थे और अपनी कथित फर्जी कंपनी के नाम पर बिल बनाकर रकम का हेरफेर करते थे। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना भुता में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीकेश कुमार, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल शीशपाल सिंह, कांस्टेबल अजय कुमार और दीपक कुमार शामिल रहे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.