विंटोलिया में डीएम-एसपी ने परखी बाढ़ की तैयारी, जनसुरक्षा सर्वोपरि, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Image 2026 08 17 at 1.56.05 AM
Spread the love

मऊ-मधुबन। बरसात के मौसम में बाढ़ की आहट को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है। तहसील मधुबन के बाढ़ प्रभावित गांव विंटोलिया में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के साथ पहुंचकर मौके का हाल जाना। दोनों अधिकारियों ने गांव में बाढ़ की स्थिति, जलस्तर और तटबंधों की स्थिति देखी तथा बचाव की तैयारियों को परखा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सिंचाई विभाग के अफसरों से साफ कहा कि बाढ़ आने के बाद भागदौड़ करने से बेहतर है कि इंतजाम पहले से दुरुस्त रहें। तटबंधों की लगातार निगरानी करने, जलस्तर पर नजर रखने और किसी भी खतरे की भनक मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने गांव के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बाढ़ के दौरान होने वाली परेशानियों और जरूरतों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि संकट की घड़ी में प्रशासन गांववालों के साथ खड़ा रहेगा और जरूरत पड़ते ही राहत-बचाव का काम तेजी से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने राजस्व और सिंचाई विभाग समेत सभी संबंधित अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा। साथ ही रोजाना क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। डीएम ने दो टूक कहा कि बाढ़ में सबसे पहले लोगों की जान की सुरक्षा है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार समेत राजस्व और सिंचाई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *