मऊ- पूर्वांचल के कद्दावर नेता स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि के साथ विकास और सियासत का रंग भी खूब देखने को मिला। हजारों की भीड़ के बीच नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने 5 मेगावाट के सोलर पार्क का शिलान्यास किया और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी साफ-साफ बात रखी। मंत्री ने कहा कि वह मऊ में किसी का रास्ता रोकने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय कहीं से चुनाव लड़ते हैं तो वह उनके कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे। उनके इस बयान के बाद मऊ की राजनीतिक गलियों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से मैसर्स नेक्सजन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली द्वारा सोलर पार्क तैयार किया जा रहा है। मंत्री ने घोषणा की कि इसका नाम स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर रखा जाएगा। परियोजना से करीब पांच हजार घरों को बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। करीब हजार लोगों को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि मऊ अब माफिया से मुक्त होकर विकास की राह पर बढ़ रहा है। सड़क, बिजली, परिवहन, रेलवे और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में काम तेजी से हो रहा है। वहीं सिद्धार्थ राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों की सराहना करते हुए स्वयं को मोदीभक्त बताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा प्रदेशमंत्री विजय राजभर, एमएलसी बिच्छे लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री नारद राय, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व विधायक संजय यादव, पूर्व विधायक बैरिया सुरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।





