मऊ। पुलिस लाइन में संचालित उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती-2026 के अंतर्गत अभिलेख सत्यापन (DV) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PST) की प्रक्रिया का जिलाधिकारी आनन्द वर्धन एवं पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन, पहचान मिलान एवं शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भर्ती प्रक्रिया पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि प्रत्येक अभ्यर्थी के अभिलेखों की सावधानीपूर्वक जांच की जाए तथा भर्ती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन एवं अभ्यर्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान भर्ती स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित पाई गई। पुलिस द्वारा भर्ती प्रक्रिया को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्र एवं प्रतिसार निरीक्षक भी उपस्थित थे।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




