लखनऊ, 23 मई 2026। देश के युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा आयोजित “रोजगार मेला” अभियान निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित यह पहल न केवल युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बन रही है, बल्कि पारदर्शी, त्वरित एवं जनहितकारी भर्ती प्रक्रिया का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही है। इसी क्रम में आज 23 मई 2026 को आयोजित 19वें रोजगार मेला कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के विभिन्न सरकारी विभागों एवं संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक नव-नियुक्त युवाओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को देश की प्रगति का आधार बताते हुए उन्हें ईमानदारी, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ ही देशभर के विभिन्न शहरों में रोजगार मेला कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में “19वें रोजगार मेला” का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय) उपस्थित रहे। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और रोजगार मेले इस दिशा में ऐतिहासिक पहल साबित हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 330 चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। रोजगार मेले में विभिन्न विभागों हेतु चयनित अभ्यर्थियों में सर्वाधिक 198 अभ्यर्थी रेलवे विभाग से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त बैंकिंग क्षेत्र में 62 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 09 भारतीय स्टेट बैंक तथा 53 बैंक ऑफ बड़ौदा से संबंधित रहे। वहीं डाक विभाग में 34, गृह विभाग में 09, डिफेंस विभाग में 09, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में 08, श्रम एवं रोजगार विभाग में 01 तथा ESIC में 13 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि देश सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने युवाओं से अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों में विशेष उत्साह एवं हर्ष का वातावरण देखने को मिला। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ श्रीमती नीलिमा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री शूरवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री समर्थ गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उत्तर रेलवे लखनऊ श्रीमती अरिमा भट्टनागर सहित रेलवे एवं विभिन्न विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और यह आयोजन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



