70वें रेल सेवा पुरस्कार-2025 समारोह में लखनऊ मंडल के कर्मचारियों का सम्मान उत्कृष्ट कार्यों, संरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं नवाचारों के लिए 255 कर्मचारियों को मिला पुरस्कार

ChatGPTImageMay19202604 04 15P
Spread the love

लखनऊ, 18 मई 2026। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित 70वें रेल सेवा पुरस्कार-2025 समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल एवं पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर द्वारा विगत वर्ष में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले मंडल के कुल 255 कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत कुल 2 लाख 55 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। समारोह स्थल पर विभिन्न श्रेणियों के दो-दो प्रतिनिधि कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ मंडल की उपलब्धियां कर्मचारियों की निष्ठा, कार्यकुशलता एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश एवं बहुआयामी कार्यक्षेत्र में लखनऊ मंडल ने कार्यकुशलता, मितव्ययता, संरक्षा तथा यात्री सुविधा के क्षेत्र में पूर्वोत्तर रेलवे में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर तीव्र गति से पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं। आधारभूत संरचना विकास के तहत गोरखपुर कैंट-गोरखपुर तीसरी लाइन (3.8 ट्रैक किमी), करनैलगंज-घाघराघाट तीसरी लाइन (27 ट्रैक किमी) तथा बहराइच-नानपारा खंड (45 ट्रैक किमी) में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण किया गया। इसके अतिरिक्त चार नए टॉवर वैगनों का कमीशनिंग भी किया गया।

उन्होंने बताया कि क्षमता विस्तार के तहत सिद्धार्थनगर एवं परसा में गुड्स टर्मिनल विकसित किए गए हैं तथा 11 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म सतह विस्तार और छह स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म ऊंचाई वृद्धि का कार्य पूरा किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रामघाट, स्वामी नारायण छपिया, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोलागोकर्णनाथ, मेलानी, लखीमपुर, तुलसीपुर, खलीलाबाद और लखनऊ सिटी सहित कई स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य पूर्ण किए गए हैं। यात्री सुविधाओं के विस्तार हेतु मंडल के 34 स्टेशनों पर 80 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि ‘रेलवन’ ऐप के माध्यम से यात्रियों को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा लखनऊ सिटी स्टेशन को 17 नवंबर 2025 से महिला प्रधान स्टेशन घोषित किया गया है। शताब्दी वर्ष (1926-2026) के अवसर पर लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों में विभागीय प्रदर्शनी स्टॉल, हेरिटेज फोटो गैलरी, “हमारा लखनऊ-प्यारा लखनऊ” फव्वारा, हेरिटेज इंजन, हेरिटेज पम्प, डिस्प्ले स्क्रीन, फिल्म शूटिंग विवरण एवं टॉय ट्रेन जैसी आकर्षक गतिविधियां शामिल रहीं।

उन्होंने कहा कि मंडल में कुल यात्री यातायात 5.33 करोड़ दर्ज किया गया तथा माल यातायात में 4 प्रतिशत वृद्धि हुई। चालू वित्तीय वर्ष में यात्री यातायात से 1409.18 करोड़ रुपये एवं माल लदान से 245.53 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जबकि पार्सल आय के क्षेत्र में 17.72 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड आय दर्ज की गई।

संरक्षा के क्षेत्र में अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक मंडल में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। इस अवधि में 69 सुरक्षा अभियान एवं 18 सुरक्षा परिपत्र जारी किए गए। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता को प्राथमिकता देते हुए मंडल में 3 लाख 27 हजार पौधरोपण किए गए। मगहर, खलीलाबाद, बादशाहनगर एवं ऐशबाग स्टेशनों पर 10-10 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सोलर प्लांट स्थापित किए गए, जिससे मंडल की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 3500 किलोवाट हो गई। वर्ष 2025-26 में सौर ऊर्जा के माध्यम से लगभग 74 लाख 10 हजार रुपये की बचत दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त 449 पुराने पंखों के स्थान पर बीएलडीसी पंखे लगाए गए, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख 80 हजार रुपये की बचत का अनुमान है। लखनऊ जंक्शन एवं गोरखपुर स्टेशनों पर प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनें भी स्थापित की गईं।

सुरक्षा निगरानी को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक एएफआईएस कैमरों का उपयोग बढ़ाया गया। रेल संपत्ति चोरी के 30 मामलों में 63 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 2 लाख 53 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई। वहीं प्रतिबंधित सामान की तस्करी के मामलों में 86 लाख 75 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। अवैध वेंडिंग, धूम्रपान एवं चेन पुलिंग जैसे मामलों में 1082 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2 लाख 06 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

कर्मचारी कल्याण के अंतर्गत 15 गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जबकि 11 दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटर एवं एक दिव्यांग महिला कर्मचारी को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। 200 कर्मचारियों को एनपीएस से यूपीएस में स्थानांतरित किया गया तथा 730 कर्मचारियों एवं आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। खेल क्षेत्र में मंडल के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय रेलवे प्रतियोगिताओं में स्वर्ण एवं रजत पदक अर्जित कर मंडल का गौरव बढ़ाया।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को रेल सेवा पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया। इंजीनियरिंग, वाणिज्य, विद्युत, परिचालन, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, चिकित्सा, लेखा, कार्मिक, आरपीएफ, संरक्षा एवं भंडार विभागों के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक स्तर पर घोषित विशेष पुरस्कारों के अंतर्गत लखनऊ सिटी ऑल वूमेन स्टेशन, इंजीनियरिंग सेफ्टी वर्क्स, डिजिटलाइज्ड इंक्वायरी सिस्टम, सेफ्टी सेल, स्क्रैप डिस्पोजल, क्राउड मैनेजमेंट, हेरिटेज इवेंट एवं अन्य श्रेणियों में चयनित कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आठ कर्मचारियों को अप्रैल-2026 माह के लिए “स्टार परफॉर्मर अवार्ड” प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि महाप्रबंधक स्तर पर आयोजित 70वें रेल सप्ताह समारोह ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025’ में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर द्वारा लखनऊ मंडल के 18 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लखनऊ मंडल को 16 अंतरमंडलीय कार्यकुशलता शील्ड एवं ट्रॉफियां प्रदान की गईं। इनमें इंजीनियरिंग, वाणिज्य, राजभाषा, कर्षण ऊर्जा दक्षता, भंडार, कार्मिक, सिग्नल, नवाचार, सौर ऊर्जा उत्पादन, लोको अनुरक्षण, स्वच्छ स्टेशन एवं व्यवस्थित स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण श्रेणियां शामिल रहीं।

समारोह के आरंभ में पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री भुवनेश सिंह, पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी एवं सदस्याएं, शाखाधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता ने किया।


Discover more from Star News 24 Live

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from Star News 24 Live

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading