देवरिया, जिले के लार क्षेत्र में ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बिजली का तार जोड़ते समय करंट लगने से एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार शाम हुए हादसे के बाद संविदा कर्मी का शव तीन घंटे तक ट्रांसफार्मर पर लटका रहा।
उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार और बिजली विभाग के उपमंडल अधिकारी के पहुंचने के बाद देर शाम शव को ट्रांसफार्मर से नीचे उतारा गया। उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, लार क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी 30 वर्षीय मुख्तार साहनी फरियावाडीह विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन थे।
रविवार की शाम करीब छह बजे शनि मझवलिया गांव में किसी के घर बिजली का तार जोड़ने गया था।
वह तार जोड़ने के लिए गांव के जूनियर हाईस्कूल के पास लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया।
जब वह तार जोड़ ही रहा था, अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई, जिससे उसे करंट लग गया और वह ट्रांसफार्मर से चिपक गया।
जो व्यक्ति तार जोड़ने के लिए लाइनमैन को लेकर आया था वह उसे ट्रांसफार्मर से चिपका देखकर मौके से भाग गया।
घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना लार थानेदार संतोष कुमार सिंह को दी, जो मौके पर पहुंचे।
हालांकि बिजली विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी के मौजूद नहीं रहने के कारण शव को नीचे नहीं उतारा जा सका.
थानाध्यक्ष ने बताया कि बिजली विभाग के कनीय अभियंता अविनाश कुमार का मोबाइल फोन बंद है.
उनके वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया गया. तीन घंटे बाद नायब तहसीलदार गोपाल और बिजली विभाग के एसडीओ मनीष कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद शव को नीचे उतारा गया और बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह लेख पाठ में कोई संशोधन किए बिना एक स्वचालित समाचार एजेंसी फ़ीड से तैयार किया गया था।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
