दक्षिणी जोन डीसीपी के निर्देशन में एडीसीपी वसंथ कुमार ने ‘दा सेंट्रम’ होटल का किया निरीक्षण

WhatsApp Image 2026 01 16 at 6.06.34 PM
Spread the love

लखनऊ। दक्षिणी जोन पुलिस उपायुक्त श्री निपुण अग्रवाल के निर्देशन में अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) श्री वसंथ कुमार रल्लापल्ली ने 86वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों एवं 62वें सचिवों के सम्मेलन के आयोजन स्थल दा सेंट्रम होटल, थाना सुशांत गोल्फ सिटी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, वीवीआईपी आगमन-निर्गमन मार्ग, होटल परिसर की आंतरिक व्यवस्था तथा सम्मेलन हॉल में उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने सम्मेलन के मद्देनज़र सुरक्षा तैयारियों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

श्री वसंथ कुमार ने संबंधित थाना प्रभारी, सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों और होटल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सम्मेलन में आने वाले प्रतिनिधियों की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की तैनाती, परिसर में सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय मॉनिटरिंग और चेकिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आयोजन स्थल के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने, वैकल्पिक रूट अलर्ट जारी करने और पार्किंग क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

इसके उपरांत अपर पुलिस उपायुक्त जोन दक्षिणी द्वारा गोष्ठी आयोजित कर दक्षिणी जोन में वर्ष 2025 में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के सत्यापन एवं उनके विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में समस्त एसीपी एवं थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *