लखनऊ स्टेशन पर एयर कॉनकोर्स निर्माण कार्य के चलते 4 जून तक कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे, यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

लखनऊ रेलवे स्टेशन पर एयर कॉनकोर्स निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए 1 से 4 जून 2026 तक कई रेलगाड़ियों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। उत्तर रेलवे के अनुसार इस अवधि में 36 ट्रेनों को प्लेटफॉर्म संख्या 4, 21 ट्रेनों को प्लेटफॉर्म संख्या 5 तथा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक 11 ट्रेनों को प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 के स्थान पर अन्य प्लेटफॉर्मों से संचालित किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन और प्लेटफॉर्म की जानकारी NTES, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन 139 से प्राप्त करने की अपील की है।

डीआरएम लखनऊ ने चारबाग स्टेशन पर एयर कॉनकोर्स निर्माण कार्य का किया गहन निरीक्षण यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और आधुनिक स्टेशन विकास को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

लखनऊ जंक्शन (चारबाग) स्टेशन पर आरएलडीए द्वारा बनाए जा रहे एयर कॉनकोर्स निर्माण कार्य का मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा ने गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि एयर कॉनकोर्स बनने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, सुगम आवागमन और बेहतर भीड़ प्रबंधन की सुविधा मिलेगी।