लखनऊ, 19 मई 2026। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के ऐशबाग कोचिंग डिपो/समाडि ने गुणवत्ता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय रेल में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। डिपो ने अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, आधुनिक प्रबंधन प्रणाली तथा उच्चस्तरीय रखरखाव मानकों के बल पर एक साथ चार प्रतिष्ठित आई.एस.ओ. (इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर स्टैंडर्डाइजेशन) प्रमाणपत्रों के साथ 5S सर्टिफिकेट प्राप्त कर पूरे भारतीय रेल नेटवर्क में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह उपलब्धि न केवल लखनऊ मंडल बल्कि संपूर्ण पूर्वोत्तर रेलवे के लिए गर्व का विषय बन गई है।
यह गौरवपूर्ण सम्मान पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर तथा मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित विशेष समारोह के दौरान ऐशबाग कोचिंग डिपो/समाडि की टीम को प्रदान किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने डिपो की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे मंडल के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि समर्पण, अनुशासन तथा टीमवर्क के बल पर किसी भी संस्था को उत्कृष्टता के उच्चतम स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐशबाग डिपो ने भारतीय रेल में गुणवत्ता और प्रबंधन के नए मानक स्थापित किए हैं।
डिपो को ट्रेनों के रखरखाव एवं गुणवत्ता प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए आई.एस.ओ. 9001 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। वहीं परिसर में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल कार्य प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आई.एस.ओ. 14001 से सम्मानित किया गया। कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना-मुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में उत्कृष्ट प्रयासों के लिए डिपो को आई.एस.ओ. 45001 प्रमाणपत्र मिला, जबकि ऊर्जा संरक्षण, बिजली की खपत में नियंत्रण तथा ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के लिए आई.एस.ओ. 50001 सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, कार्यस्थल को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखने हेतु अपनाई गई जापानी प्रबंधन तकनीक “5S सिस्टम” को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए डिपो को 5S सर्टिफिकेट से भी सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि ऐशबाग कोचिंग डिपो/समाडि को भारतीय रेल का पहला ऐसा डिपो बनाती है जिसने एक साथ ये सभी प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र प्राप्त किए हैं।
रेल अधिकारियों के अनुसार यह सफलता डिपो की पूरी टीम की अथक मेहनत, बेहतर समन्वय, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और गुणवत्ता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है। ऐशबाग कोचिंग डिपो/समाडि की यह उपलब्धि भविष्य में अन्य रेलवे इकाइयों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगी तथा भारतीय रेल में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और विश्वस्तरीय मानकों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।