मऊ- मंगलवार। थाना रानीपुर में अचानक सीओ जितेन्द्र सिंह की आमद हुई तो पुलिस महकमे में चहल-पहल बढ़ गई। त्रिमासिक निरीक्षण पर पहुंचे सीओ साहब ने थाने के दफ्तर से लेकर बैरक और भोजनालय तक का हाल अपनी आंखों से देखा और पुलिसकर्मियों से कामकाज की जानकारी ली। सीओ ने सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और मालखाने के अभिलेख भी खंगाले। कागजात दुरुस्त और महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था ठीक मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों की तारीफ की। हालांकि थाना परिसर की सुरक्षा और रखरखाव में कुछ कमियां मिलीं तो अफसरों को इन्हें जल्द दुरुस्त कराने की सख्त हिदायत दी। थाने की सुरक्षा मजबूत करने के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सीओ ने साफ कहा कि थाने पर आने वाले फरियादी की बात ध्यान से सुनी जाए। पीड़ित को न्याय दिलाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।





