मऊ- उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने प्रदेश की विभिन्न स्थायी लोक अदालतों में अध्यक्ष पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन 23 जुलाई, को जारी किया जाएगा, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त, को शाम पांच बजे निर्धारित की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मऊ के प्रभारी सचिव सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने बताया कि इस भर्ती अभियान के तहत आजमगढ़, बलरामपुर, महोबा, संत कबीर नगर, पीलीभीत, अलीगढ़, एटा और मथुरा जनपदों में स्थापित स्थायी लोक अदालतों के अध्यक्ष पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट https://utterpradesh.nalsa.gov.in पर उपलब्ध रहेगी, जहां से अभ्यर्थी आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
स्थायी लोक अदालतों को मिलेंगे नए अध्यक्ष, प्रदेश के आठ जनपदों में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू 24 अगस्त तक करें आवेदन




