लखनऊ, 16 जुलाई 2026। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने गुरुवार को लखनऊ–सुल्तानपुर–जौनपुर–लखनऊ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे संरक्षा, यात्री सुविधाओं तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न रेलवे स्टेशनों, समपार फाटकों, रनिंग रूम, माल गोदाम और रेलवे आवासों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सभी परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत लखनऊ–सुल्तानपुर रेलखंड पर स्थित एलएचएस संख्या-164-ए से हुई, जहां डीआरएम ने संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन पर लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर के लिए बनाए गए आधुनिक रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए स्मार्ट क्लासरूम, आवासीय सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रनिंग स्टाफ को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और रनिंग रूम का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में पौधारोपण भी किया तथा मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर रेलवे की विकास योजनाओं की जानकारी साझा की। इसके उपरांत उन्होंने सुल्तानपुर के गुड्स साइडिंग का निरीक्षण कर माल लदान और उपलब्ध लॉजिस्टिक सुविधाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के अगले चरण में डीआरएम लम्भुआ रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने लम्भुआ और श्रीकृष्णा नगर स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या-23/ए-सी का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों का आकलन किया। श्रीकृष्णा नगर स्टेशन पर भी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीआरएम जौनपुर जंक्शन पहुंचे, जहां स्टेशन पर चल रहे निर्माण एवं आधुनिकीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और मीडिया से बातचीत करते हुए रेलवे की विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के अंतिम चरण में उन्होंने एनटीपीसी, टांडा पहुंचकर रेलवे रनिंग रूम और रेलवे आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां कार्यरत रेल कर्मचारियों से संवाद किया तथा एनटीपीसी द्वारा संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया।
पूरे निरीक्षण के दौरान डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने सुल्तानपुर, लम्भुआ, श्रीकृष्णा नगर और जौनपुर स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। साथ ही आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने स्टेशनों पर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशांत कुमार सहित उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। डीआरएम का यह निरीक्षण रेलवे सुरक्षा, यात्री सुविधाओं में सुधार और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




