लखनऊ, 21 मई 2026। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने आज अयोध्या कैंट–अकबरपुर–जफराबाद रेलखंड पर स्थित जौनपुर जंक्शन स्टेशन पर चल रहे महत्वपूर्ण यार्ड री-मॉडलिंग कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडल के इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत, परिचालन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यस्थल पर प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता एवं पूर्ण सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
उत्तर रेलवे द्वारा जौनपुर जंक्शन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित करने के उद्देश्य से व्यापक यार्ड री-मॉडलिंग कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत दिनांक 04 मई 2026 से 27 मई 2026 तक कुल 24 दिनों का प्री-नॉन इंटरलॉकिंग/ब्लॉक लिया गया है। कार्य के दौरान स्टेशन यार्ड, ट्रैक संरचना, पॉइंट एवं क्रॉसिंग तथा सिग्नलिंग प्रणाली का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में इस रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन की क्षमता और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
परियोजना के अंतर्गत पुराने ट्रैक विन्यास में परिवर्तन कर अधिक उपयोगी एवं आधुनिक ट्रैक लेआउट तैयार किया जा रहा है, जिससे ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान के लिए बेहतर और तेज मार्ग उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही पुराने पॉइंट एवं क्रॉसिंग को बदलकर नई उच्च क्षमता वाली संरचनाएं स्थापित की जा रही हैं, जिससे ट्रेनों की गति में सुधार होने के साथ-साथ सुरक्षा स्तर भी मजबूत होगा। इसके अतिरिक्त अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग एवं आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित की जा रही है, जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित, नियंत्रित एवं तकनीकी रूप से सक्षम बन सकेगा। ट्रैक परिवर्तनों के अनुरूप ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर एवं पोल की स्थिति में भी आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं। परियोजना के तहत प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी को भी सुदृढ़ बनाया जा रहा है, जिससे एक साथ अधिक ट्रेनों के संचालन की सुविधा विकसित होगी तथा ट्रेनों की क्रॉसिंग में लगने वाला समय कम होगा।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित गार्ड एवं ड्राइवरों से रनिंग रूम में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पावर केबिन पहुंचकर कार्यरत कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान एवं कार्य दक्षता का परीक्षण किया तथा उन्हें सुरक्षा मानकों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए।
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के अगले चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्मित हो रही नई स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कटेहरी–गोसाईगंज रेलखंड के मध्य स्थित गेट संख्या 92C पर निर्माणाधीन अंडरपास का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि जौनपुर स्टेशन यार्ड री-मॉडलिंग कार्य पूर्ण होने के उपरांत इस रेलखंड पर ट्रेन संचालन अधिक तेज, सुरक्षित एवं समयबद्ध हो सकेगा। इससे यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा भविष्य में बढ़ती रेल यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप स्टेशन की क्षमता में भी महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






