पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गोरखपुर जंक्शन स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य तथा परिचालनिक सुगमता को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा हेतु कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था के तहत पूर्व में निर्धारित गंतव्य स्टेशनों के स्थान पर ट्रेनों को आगे तक चलाया जाएगा, जिससे यात्रियों को यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिल सके।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि 19409/19410 साबरमती–गोरखपुर–साबरमती द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस का मार्ग थावे जंक्शन के स्थान पर अब छपरा तक विस्तारित किया गया है। इसके तहत 19409 साबरमती–गोरखपुर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस 28 एवं 30 मई तथा 04 एवं 06 जून 2026 को देवरिया सदर स्टेशन से शाम 18:35 बजे तथा सीवान स्टेशन से 19:45 बजे प्रस्थान कर थावे के स्थान पर रात 21:25 बजे छपरा पहुंचेगी। वहीं वापसी दिशा में 19410 गोरखपुर–साबरमती द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस 30 मई तथा 01, 06 एवं 08 जून 2026 को छपरा से रात 01:00 बजे प्रस्थान करेगी तथा सीवान से 02:05 बजे एवं देवरिया सदर से 03:25 बजे रवाना होगी।
इसी प्रकार 11055/11056 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार गोरखपुर के स्थान पर गोण्डा तक किया गया है। 11055 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गोरखपुर एक्सप्रेस 29 एवं 31 मई तथा 01, 03 एवं 05 जून 2026 को बस्ती स्टेशन से रात 21:47 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर के स्थान पर 23:30 बजे गोण्डा पहुंचेगी। वहीं वापसी में 11056 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 31 मई तथा 02, 03, 05 एवं 07 जून 2026 को गोरखपुर के बजाय गोण्डा से प्रातः 03:10 बजे रवाना होगी तथा बस्ती स्टेशन से 04:16 बजे प्रस्थान करेगी।
इसके अतिरिक्त 20103/20104 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार भटनी तक किया गया है। 20103 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गोरखपुर एक्सप्रेस 28 मई से 06 जून 2026 तक देवरिया सदर से दोपहर 12:50 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर के स्थान पर 13:30 बजे भटनी पहुंचेगी। वहीं वापसी यात्रा में 20104 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 29 मई से 07 जून 2026 तक गोरखपुर के स्थान पर भटनी से रात 20:35 बजे रवाना होगी तथा देवरिया सदर से 20:50 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों के शेष सभी स्टेशनों पर ठहराव एवं समय पूर्ववत रहेंगे। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.