बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के असंदरा थाना क्षेत्र में ज़मीन पर लगे पेड़ को काटने के विरोध पर दबंगों द्वारा युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से किए गए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार कुलदीप मिश्रा पुत्र श्रीकांत मिश्रा, निवासी दलसिंहपुर मजरा टांडा, को 20 जनवरी की सुबह लगभग 9 बजे सूचना मिली कि कुछ स्थानीय युवक उनकी ज़मीन पर लगे चिलवल के पेड़ की लकड़ी काट रहे हैं। सूचना मिलने पर कुलदीप मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही रहने वाले आजम, इसरार अली, मोहम्मद आमीन, उमर, शबीना बानो, मोबिन अली सहित करीब एक दर्जन लोगों ने एकजुट होकर गाली-गलौज करते हुए कुलदीप पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की आवाज़ सुनकर गांव के अंशुमान मिश्रा और रामदिवस मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया, जिस पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल युवक को परिजन तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलने पर असंदरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.