मऊ- नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में माहौल कुछ अलग ही नजर आया। कहीं बच्चों की खिलखिलाहट थी तो कहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के चेहरे पर सम्मान की चमक। मौका था आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों-सहायिकाओं, मेधावी बच्चों और पोषण, शिक्षा व महिला कल्याण के क्षेत्र में बेहतर काम करने वालों के सम्मान समारोह का कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय और मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव समेत अधिकारियों ने दीप जलाकर की। इस दौरान अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी लोगों ने देखा-सुना। समारोह में ‘आंगनबाड़ी की आवाज—स्वस्थ बच्चा, शिक्षित समाज’ और ‘आंगनबाड़ी से नाता जोड़ें, कुपोषण का चक्र तोड़ें’ जैसे संदेश गूंजे। सैम श्रेणी से बाहर आए बच्चों की माताओं को सम्मान मिला तो उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर हौसला बढ़ाया गया। सीडीओ ने कहा कि गांव-गांव बच्चों और माताओं तक पोषण व स्वास्थ्य की सुविधाएं पहुंचाने में आंगनबाड़ी कर्मियों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी, समय से पोषाहार वितरण और उसके सही इस्तेमाल की जानकारी अभिभावकों को देने पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय कइयाँ की बच्चियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी, डी सी मनरेगा , सीडीपीओ सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कर्मी, लाभार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।





