लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े अपराधों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां संगठित गिरोह ने मृत व्यक्ति को “जिंदा” दिखाकर उसकी जमीन का फर्जी बैनामा कर दिया। पुलिस ने इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। धोखाधड़ी से अर्जित धन से खरीदे गए एलईडी टीवी और ए.सी. भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ श्री अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। मामले का खुलासा पुलिस उपायुक्त दक्षिणी श्री निपुण अग्रवाल के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली बसंथ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज श्री विकास कुमार पाण्डेय की निगरानी में हुआ। थाना मोहनलालगंज प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
मामला क्या है?
थाना मोहनलालगंज क्षेत्र के ग्राम उदयपुर निगोहा में स्थित कृषि भूमि को लेकर मु0अ0सं0 562/25 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वादिनी विमला सिंह, पत्नी स्वर्गीय अवधराज सिंह, ने आरोप लगाया कि उनके दिवंगत पति के नाम दर्ज भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बेच दिया गया।
जांच में सामने आया कि गाटा संख्या 296, रकबा 0.449 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में आशालता वर्मा और स्वर्गीय अवधराज सिंह के संयुक्त नाम से दर्ज थी। जबकि अवधराज सिंह का निधन 16 फरवरी 2023 को हो चुका था, इसके बावजूद उनकी पहचान का उपयोग कर भूमि का बैनामा करा दिया गया।
कैसे रची गई साजिश?
पुलिस विवेचना में पता चला कि राजकुमार पुत्र मिश्रीलाल, ज्ञानेन्द्र राजपूत पुत्र गयाप्रसाद और कमल यादव पुत्र श्रीकेशन ने आपराधिक साजिश के तहत एक अज्ञात व्यक्ति को मृतक अवधराज सिंह का रूप देकर प्रस्तुत किया। इस फर्जी व्यक्ति के नाम से नकली आधार कार्ड, कूटरचित फोटो और अन्य दस्तावेज तैयार किए गए। इसके बाद 18 जुलाई 2024 को उपनिबंधक कार्यालय, मोहनलालगंज में करीब 17 बिस्वा भूमि का फर्जी बैनामा करा दिया गया।
पुलिस की सतर्कता से खुला राज
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों की बारीक जांच व गहन पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह को बेनकाब किया। आरोपियों की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदा गया एलईडी टीवी और ए.सी. बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे मामले की तह तक जाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.